जौनपुर। सुजानगंज क्षेत्र में घर में सो रहे पिता और बेटी पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना रात करीब 1:55 बजे की है। हमलावर सफेद स्कॉर्पियो से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। हमले में राजेश पटेल (50) घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, राजेश पटेल अपनी बेटी के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में राजेश पटेल के एक हाथ की चार उंगलियां कट गईं। वहीं, उनकी आंख के पास भी चोट आई। घटना के बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सफेद स्कॉर्पियो से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है।
