जौनपुर। मछलीशहर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-731बी) पर जंघई रेलवे क्रॉसिंग के नए फ्लाईओवर पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग लगाने का काम शुरू हो गया है। करीब 640 करोड़ रुपये की लागत वाले इस राजमार्ग परियोजना में अब सुरक्षा से जुड़े कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जंघई बाजार और रेलवे स्टेशन पास होने के कारण फ्लाईओवर पर पैदल यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। इसे देखते हुए फुटपाथ पर लोहे की मजबूत रेलिंग लगाई जा रही है, ताकि संतुलन बिगड़ने की स्थिति में कोई नीचे न गिर सके।
निर्माण कार्य में लगी स्वास्तिक कंस्ट्रक्शन के इंजीनियर रेलिंग को कंक्रीट स्लैब के साथ मजबूती से जोड़ रहे हैं। रेलिंग की ऊंचाई और मजबूती का ध्यान बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को देखते हुए रखा जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग के अवर अभियंता ओपी प्रसाद ने बताया कि पैदल राहगीरों की सुरक्षा प्राथमिकता है। फुटपाथ पर मजबूत रेलिंग लगाई जा रही है। सभी निर्धारित नियमों और आवश्यक औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद फ्लाईओवर को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
