जलालपुर, जौनपुर। सोमवार सुबह जलालपुर पुलिस के सीयूजी नंबर पर त्रिलोचन बाजार में दुर्गा माता की प्रतिमा तोड़े जाने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी केराकत भी वहां पहुंच गए। प्रतिमा तोड़ने का आरोप बाजार के ही चार युवकों पर लगाया गया था। पुलिस ने आरोपित युवकों और दुकानदार को थाने लाकर पूछताछ की तो कुछ ही मिनट में मामला स्पष्ट हो गया और आरोप झूठा निकला। इसके बाद पुलिस ने युवकों को छोड़ दिया।
जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन बाजार में सुनील जायसवाल की दुकान पर करीब चार फीट ऊंची दुर्गा माता की प्रतिमा रखी थी, जो टूटी हुई मिली। दुकानदार सुनील ने बाजार के किशन, महेश मोदीवाल, गणेश मोरवल सहित चार युवकों पर प्रतिमा तोड़ने का आरोप लगाया। पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 10 बजे की बताई गई और इसकी सूचना सोमवार सुबह थाने के सीयूजी नंबर पर दी गई।
प्रतिमा तोड़े जाने की खबर फैलते ही बाजारवासियों में आक्रोश बढ़ने लगा और भीड़ जुटने लगी। पुलिस की सक्रियता से स्थिति बिगड़ने से पहले ही मौके पर पहुंचकर आरोपित युवकों को हिरासत में लिया गया और दुकानदार को भी थाने लाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि प्रतिमा दुकान से उतारते समय टूट गई थी। युवकों पर आरोप क्यों लगाया गया, इसकी जांच की जा रही है।
