जौनपुर। जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित शौचालय निर्माण को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने रविवार को विरोध जताया। सुबह करीब 11:30 बजे जिलाध्यक्ष विमल सिंह के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ता स्टेशन पहुंचे और डिप्टी एसएस प्रमोद कुमार प्रियदर्शी को मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे लखनऊ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
विहिप का कहना है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जिस स्थान पर शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है, वहां बजरंगबली का मंदिर और करीब पांच दशक पुराने पीपल व नीम के पेड़ हैं। संगठन के अनुसार मंदिर और पेड़ स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़े हैं। इसलिए शौचालय निर्माण के लिए स्थान बदलने की मांग की गई है।
विहिप ने कहा कि निर्माण के दौरान पीपल और नीम के पेड़ों को किसी भी स्थिति में न काटा जाए और मंदिर को भी नुकसान न पहुंचे। संगठन ने शौचालय का निर्माण तत्काल रोककर दूसरी जगह स्थल चयन करने की मांग की।
ज्ञापन में योजना और स्थल चयन की तकनीकी व प्रशासनिक जांच कराने की मांग भी की गई। संगठन ने कहा कि स्टेशन का विकास जरूरी है, लेकिन इसके साथ पर्यावरण और स्थानीय लोगों की भावनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। इस दौरान अरुण सिंह, विनय सिंह, संतोष सिंह, अरुण श्रीवास्तव, डॉ. राजीव त्रिपाठी, शैलेंद्र सिंह, रमेश सिंह, सुधीर सिंह और दीपक श्रीवास्तव समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।