जौनपुर। जिले में सात दिवसीय श्री गणेश पूजनोत्सव रविवार देर रात संपन्न हो गया। भक्तों ने भक्तिमय माहौल में गणपति प्रतिमाओं का आदि गंगा गोमती के सद्भावना सेतु स्थित शक्ति कुंड में विसर्जन किया। सोमवार सुबह तक वैदिक मंत्रोच्चार और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने बप्पा को विदाई दी।
अहियापुर तिराहे से पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य ने नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा की शुरुआत की। शोभायात्रा सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा और चहारसू होते हुए ओलंदगंज के रास्ते शक्ति कुंड पहुंची। यहां निर्णायक मंडल ने विभिन्न झांकियों का निरीक्षण किया।
इससे पहले कोतवाली चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के सामने श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर ट्रस्ट के 24वें नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया गया। राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दीप जलाकर नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया।
विसर्जन के दौरान नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, सीओ और नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विसर्जन को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा कराने का भरोसा दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य संरक्षक लोलारक दुबे ने की। संचालन संजीव यादव ने किया। नवीन सिंह बसगोती ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि अध्यक्ष दीपक जावा ने आभार जताया।
वहीं, बक्शा विकास खंड के सुजियामऊ गांव में भी पांच दिवसीय गणपति महोत्सव गाजे-बाजे के साथ संपन्न हुआ। आयोजक आशुतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि यहां मुंबई के लालबाग के राजा की तर्ज पर गणपति प्रतिमा स्थापित की गई थी। खाटू श्याम जी का पूजन आचार्य प्रशांत तिवारी ने कराया।
महोत्सव के अंतिम दिन जागरण का आयोजन हुआ। इसमें गायक हरिओम तिवारी, श्वेता प्रियांशी यादव और आचार्य सर्वेश उपाध्याय ने भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को विदाई दी।