जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष शैलेश वर्मा के नेतृत्व में दर्जनों किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने मुख्यमंत्री को संबोधित 13 सूत्रीय मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह को सौंपा। ज्ञापन में छुट्टा पशुओं, खाद की कमी, बिजली कटौती और गलत बिजली बिल समेत किसानों से जुड़ी कई समस्याओं को उठाया गया।
जिलाध्यक्ष शैलेश वर्मा ने बताया कि किसानों की प्रमुख मांगों में छुट्टा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान को रोकना शामिल है। उन्होंने धान खरीद के लिए समय से केंद्र खोलने और खाद की कमी दूर कर किसानों को उचित दाम पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की।
किसानों ने सिंचाई के लिए बिजली कटौती बंद करने और दिन में 12 घंटे बिजली देने की मांग की। साथ ही मनमाने तरीके से आ रहे बिजली बिलों को ठीक कराने और जिले में चीनी मिल स्थापित करने की मांग भी रखी।
किसानों ने कहा कि जिले में गौशालाएं होने के बावजूद आवारा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। उन्होंने मड़ियाहूं कस्बे में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बनी गौशाला का मामला उठाते हुए कहा कि इसके बाद भी सड़कों पर पशुओं का घूमना जारी है। किसानों ने हर न्याय पंचायत स्तर पर मिट्टी जांच केंद्र खोलने की मांग भी की।
अन्य मांगों में किसानों को परेशान करने वालों पर रोक लगाना, हर न्याय पंचायत में कृषि विद्यालय खोलना और सभी पशुओं का टीकाकरण कराना शामिल है। किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड पर ब्याज मुक्त ऋण देने और ग्राम सभाओं की सरकारी जमीन पर भू-माफिया के कब्जे को हटाने की भी मांग की।
इसके अलावा बारिश से खराब हुई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। कार्यक्रम का संचालन भारतीय किसान यूनियन के जिला महासचिव विनोद कुमार मौर्य ने किया।