जौनपुर। महराजगंज में बारिश के बाद गंदे पानी और खराब खाने से डायरिया व गैस्ट्रोएंटेराइटिस जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि डायरिया में बार-बार पतले दस्त होना इसका मुख्य लक्षण है। इसके साथ उल्टी, पेट में मरोड़ या दर्द, कमजोरी और बुखार भी हो सकता है। शरीर में पानी की कमी होना इसका गंभीर असर है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में इसका खतरा अधिक रहता है।
उन्होंने कहा कि बीमारी से बचने के लिए हमेशा साफ और सुरक्षित पानी पीना चाहिए। खाने को ढककर रखें और ताजा व अच्छी तरह पका हुआ भोजन ही करें। भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोना जरूरी है। खुले में बिकने वाले कटे फल, बासी और गंदे भोजन से बचना चाहिए।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि डायरिया होने पर शरीर में पानी और नमक की कमी पूरी करने के लिए ओआरएस का घोल देना चाहिए। मरीज को पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ देते रहना जरूरी है। लगातार दस्त, बार-बार उल्टी, अधिक कमजोरी, आंखों का धंसना, पेशाब कम होना या बेहोशी जैसे गंभीर लक्षण दिखाई देने पर मरीज को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाना चाहिए।
उन्होंने लोगों से बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और समय पर डॉक्टर की सलाह लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि साफ पानी, सुरक्षित भोजन और स्वच्छता का ध्यान रखकर डायरिया व गैस्ट्रोएंटेराइटिस से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।