जौनपुर। माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, जौनपुर में शनिवार को भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या श्वेता मिश्रा ने विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता के महत्व को समझने और देश के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने भारत की ‘एकता में अनेकता’ की भावना को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। अंतर-हाउस नृत्य प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल एवं जम्मू-कश्मीर की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और विविधता की मनमोहक झलक प्रस्तुत की गई। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देश की सांस्कृतिक विविधता से रूबरू कराया।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने कारगिल ऑपरेशन, पहलगाम आतंकी हमले तथा भारत की शक्ति, साहस और एकजुटता पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों में देशभक्ति का जोश भर दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक विचारों एवं संदेशों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। स्वतंत्रता सेनानियों के पात्रों का मंचन कर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने तथा देश की प्रगति में योगदान देने का संकल्प भी है।
विद्यालय के निदेशक डॉ. अरविंद सिंह एवं विख्यात सिंह, प्रबंध निदेशक विकास सिंह एवं कार्तिकेय सिंह ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में देशप्रेम, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यालय के संरक्षक रमेश सिंह एवं दिनेश सिंह ने भी छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की और विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
समारोह के दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विद्यार्थियों के मन में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और एक सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का नया उत्साह एवं संकल्प पैदा किया।