बरसठी | क्षेत्र के गणेशपुर (ओझापुर) गांव निवासी महिला की फोटो इंस्टाग्राम पर डालकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बीएनएस धारा 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। महिला के प्राथमिकी के अनुसार, आरोप है कि उसके पड़ोसी विवेक पुत्र ओमप्रकाश ने उसकी फोटो अपने इंस्टाग्राम स्टेटस पर लगाई और उसके भतीजे सचिन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। पूछताछ करने पर गाली-गलौज की गई। बाद में फोटो और टिप्पणियां हटाने के बावजूद दोबारा इंस्टाग्राम आईडी से फोटो डालकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप है। महिला ने आरोप लगाया कि परिवार के लोगों द्वारा विरोध करने पर विवेक पुत्र ओमप्रकाश, जेपी पुत्र रामअचल और सत्यप्रकाश पुत्र रामअचल गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए और धमकी दी कि फोटो वायरल कर उसकी जिंदगी बर्बाद कर देंगे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

