जौनपुर। उमानाथ सिंह हायर सेकेण्डरी स्कूल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष मिश्रा, प्राचार्य उमानाथ सिंह विधि महाविद्यालय ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने अनुशासन एवं गरिमापूर्ण ढंग से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
मुख्य अतिथि डॉ. आशुतोष मिश्रा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अनेक स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के संघर्ष एवं बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने तथा शिक्षा के माध्यम से देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बूनो डी. नाजरेथ एवं उपप्रधानाचार्य कृष्णा यादव ने अपने संबोधन में देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले क्रांतिकारियों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराते हुए कहा कि आजादी के महत्व को समझना और देश की एकता, अखंडता तथा संविधान के मूल्यों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान की प्रेरणादायक गाथाएं विद्यार्थियों के साथ साझा कीं।
समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन अवनीश कुमार सिंह, अदिति गिरि, संस्कृति उपाध्याय, दीपिका तथा विनोद चंद तिवारी ने किया। समारोह में विनीता श्रीवास्तव, रजनीश सिंह, सतेन्द्र कुमार भारती, वेद प्रकाश पाण्डेय, पूजा सिंह, मधु सोरेन, नवीन विश्वकर्मा, अनुभव प्रजापति, रंजना श्रीवास्तव, वन्दना सिंह, संतोष यादव, शैलेन्द्र कुमार अस्थाना, सूर्यकान्त तिवारी, रामप्रवेश पाठक, निखिल मिश्रा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।