जौनपुर। जनपद के बीरमपुर गांव में लम्बित चकबन्दी प्रक्रिया पुनः प्रारम्भ कराने एवं वर्षा ऋतु के दृष्टिगत वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने के लिये सेवानिवृत्त मानद कैप्टन ने जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इसके पहले भी तत्कालीन जिलाधिकारी से मिलकर उपरोक्त मांग करने वाले अशोक यादव ने बताया कि वह खुटहन क्षेत्र के बीरमपुर गांव के निवासी हैं जो मानद कैप्टन पर से सेवानिवृत्त होकर समाजसेवा कर रहे हैं।
उनके अनुसार बीते 6 मार्च को तत्कालीन जिलाधिकारी को गांव में लम्बित चकबन्दी प्रक्रिया को पुनः प्रारम्भ कराने तथा ग्रामवासियों की आवागमन सम्बन्धित समस्याओं के समाधान हेतु प्रार्थना पत्र दिया था। उक्त प्रार्थना पत्र पर तत्कालीन जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश भी दिये थे जिस पर ग्रामवासियों को शीघ्र समाधान का आश्वासन भी मिला था। श्री उपाध्याय क अनुसार यह खेद का विषय है कि आज तक सम्बन्धित विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्यवाही धरातल पर नहीं की गयी। चकबन्दी प्रक्रिया अब भी लम्बित है जिसके चलते ग्रामवासियों की समस्याएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्तमान में वर्षा ऋत् प्रारम्भ हो चुकी है जिससे ग्राम के आवागमन मार्ग अत्यन्त खराब स्थिति में पहुंच गये हैं। विद्यालय जाने वाले बच्चों सहित बुजुर्गों, महिलाओं एवं चिकित्सा आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर आवागमन बाधित होने की स्थिति उत्पन्न हो गई है जिससे ग्राम की मुख्य सम्पर्क व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। ग्राम बीरमपुर एक ऐसा ग्राम है जहां से अनेक युवक भारतीय सेना सहित अन्य सुरक्षा बलों में सेवा देकर राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं किन्तु आज भी ग्रामवासी मूलभूत सुविधाओं एवं समुचित सड़क सम्पर्क से वंचित हैं।
श्री उपाध्याय ने मांग किया कि लम्बित चकबन्दी प्रक्रिया की समीक्षा कराकर उसे पुनः प्रारम्भ कराया जाय। शीघ्र पूर्ण कराने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया जाय। चकबन्दी प्रक्रिया पूर्ण होने तक ग्रामवासियों की वर्तमान कठिनाइयों को दृष्टिगत रखते हुये तत्काल एक वैकल्पिक मार्ग अथवा अस्थायी सड़क की व्यवस्था कराई जाय जिससे आवागमन सुचारु रूप से संचालित हो सके। इस दौरान उनके साथ तमाम ग्रामवासी भी मौजूद रहे।
