जौनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज सीडी सुशील कुमार सिंह ने मंगलवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेल के अस्पताल, पाकशाला, कैंटीन, महिला बैरक, बच्चा बैरक सहित सभी बैरकों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जेल में निरुद्ध कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। समस्याओं के समाधान के लिए जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही कैदियों को निःशुल्क विधिक सहायता और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
यह निरीक्षण राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर जेलर, डिप्टी जेलर, डॉ. दिलीप कुमार सिंह, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल तथा असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रकाश तिवारी उपस्थित रहे।
