तेजीबाजार। हैदरपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार रामलाल सरोज (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पैदल जा रहे स्थानीय निवासी रजनीश यादव घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर रुक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी। उसने साइकिल सवार को कुचल दिया और फिर पेड़ से जा टकराया। स्थानीय विशाल गौड़ ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष सतेंद्र भाई पटेल ने घायल का बयान दर्ज कर उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया है। मृतक की साइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है। मृतक के भाई बसंत लाल ने ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।
