जौनपुर। केराकत पुलिस ने पीईटी परीक्षा-2026 में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के मामले में नामजद अभ्यर्थी समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित देवरिया जिले के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, एक नवंबर 2026 को द्वितीय पाली की पीईटी परीक्षा के दौरान एक व्यक्ति दूसरे अभ्यर्थी गौतम कुमार के नाम पर परीक्षा में शामिल हुआ था। आधार कार्ड और पैन कार्ड के अनुसार परीक्षा देने वाले व्यक्ति की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई। मामले में मिली तहरीर के आधार पर थाना केराकत में मुकदमा अपराध संख्या 449/2026 के तहत सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 की धारा 3/9 और बीएनएस की धारा 319(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मंगलवार को पुलिस ने मामले में संतोष कुमार पुत्र गौरीशंकर और गौतम कुमार पुत्र स्वर्गीय प्रीतम प्रसाद निवासी ग्राम सिरसिया महादेवा बाजार, थाना कारखाना रामपुर, जिला देवरिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपितों का चालान न्यायालय भेज रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवानंद वर्मा सहित थाना केराकत की पुलिस टीम शामिल रही।
