जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के परशुरामपुर गांव में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये के जेवरात की चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपित और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के शत-प्रतिशत जेवरात और नकदी बरामद हुई है। बरामद जेवरात की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, परशुरामपुर निवासी मंजू देवी पत्नी स्वर्गीय अमित कुमार उपाध्याय दो नवंबर को स्कूल ड्यूटी पर गई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके घर में रखे बक्से का ताला और कब्जा तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर ली। पीड़िता की तहरीर पर बक्शा थाने में मुकदमा संख्या 548/2026 के तहत बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(3) में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए निकेत पाण्डेय उर्फ भोलू निवासी भुलनिया, थाना सरपतहां और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों रिश्ते में मामा-भांजे हैं। योजना के तहत बाल अपचारी ने मंजू देवी की बेटी को मोबाइल में एप्लीकेशन डाउनलोड कराने के बहाने व्यस्त रखा। इसी दौरान निकेत घर में घुसा और बक्से का ताला तोड़कर जेवरात व रुपये चोरी कर छतों के रास्ते फरार हो गया। बाद में दोनों ने सुनसान स्थान पर जेवरात आपस में बांट लिए।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित चोरी के जेवरात बेचने के लिए मंगलवार की सुबह बनारस भागने की फिराक में थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया। उनके पास से चार सोने की चेन, एक हार, कान की बालियां, झुमके, अंगूठियां, मंगलसूत्र, चांदी की तीन जोड़ी पायल सहित अन्य जेवरात और 400 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रशान्त कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, मुन्नीलाल कन्नौजिया सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
