डोभी, जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र के परसादीपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में घायल राजकुमार गोड़ (42) की शुक्रवार रात 11 बजे वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। मारपीट में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव घर लाते समय परिजनों और ग्रामीणों ने मोढ़ेला बाजार तथा बरामनपुर गेट पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रवीण यादव ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
गुरुवार शाम करीब पांच बजे बंजर भूमि को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चले थे। घायल राजकुमार को बीरीबारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से वाराणसी रेफर किया गया था। पुलिस ने पहले दोनों पक्षों के छह लोगों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया था। अब राजकुमार की मौत के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाने की कार्रवाई की जा रही है।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
राजकुमार अपने पीछे दो बेटे कृष्णकांत (20), रविकांत (18) और बेटी रागिनी (14) को छोड़ गए हैं। पत्नी ममता और मां हिरावती का रो-रोकर बुरा हाल है। वृद्ध पिता रामरूप के सामने इकलौते बेटे की अर्थी उठने से गांव में शोक छा गया।
मृतक की बहन आशा के मुताबिक, बंजर भूमि को लेकर राजकुमार और राजकुमार वर्मा के बीच कई वर्षों से विवाद चल रहा था।
