मुंबई। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ ओबीसी नेता छगन भुजबल के जन्मदिन के अवसर पर एनसीपी की मुंबई सचिव ममता शर्मा की पहल पर सूखाग्रस्त क्षेत्रों की गरीब एवं जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 40 साइकिलों का निःशुल्क वितरण किया गया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को Education Excellence Certificate प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सामाजिक पहल का मुख्य उद्देश्य आर्थिक कठिनाइयों और आवागमन की समस्याओं के कारण शिक्षा से वंचित होने की आशंका झेल रही छात्राओं को विद्यालय तक पहुंचने में सहायता प्रदान करना तथा विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा जगाना है। इस अवसर पर एनसीपी की मुंबई सचिव ममता शर्मा ने कहा कि छगन भुजबल के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से इस साइकिल वितरण अभियान को पूरे महाराष्ट्र में चरणबद्ध तरीके से चलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक जरूरतमंद विद्यार्थी को आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। छात्राओं को शिक्षा के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और विद्यार्थियों का सम्मान करना समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में पूर्व सांसद समीर भुजबल एवं विधायक पंकज भुजबल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
