जौनपुर। नगर पंचायत कजगांव में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक दवा का छिड़काव ठीक से नहीं कराया जा रहा है। फागिंग भी नहीं होने से दिन-रात मच्छरों का आतंक बना हुआ है। इससे लोगों की रातों की नींद हराम हो गई है।
क्षेत्रीय लोगों के मुताबिक, बरसात के मौसम में मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ी है। उनका कहना है कि मच्छरों के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। छोटे बच्चों के भी बीमारियों की चपेट में आने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद नगर पंचायत की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि दवा छिड़काव के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है। शासन से दवा और धन उपलब्ध होने के बावजूद नियमित छिड़काव तथा फागिंग नहीं कराई जा रही है। इससे नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नियमित कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने, फागिंग शुरू कराने और मच्छरों के प्रकोप से राहत दिलाने की मांग की है।
