Trending

Jaunpur News : भाजपा ने जौनपुर का जिला प्रभारी बदला, शंकर गिरी को मिली जिम्मेदारी

Naya Savera Network

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के 98 सांगठनिक जिलों और महानगरों में नए जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को नई सूची जारी की। काशी क्षेत्र के तहत जौनपुर की जिम्मेदारी वाराणसी निवासी शंकर गिरी को सौंपी गई है।
शंकर गिरी का संगठन में लंबा अनुभव रहा है। उन्होंने करीब 35 वर्ष पहले वार्ड अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया था। इसके बाद वह वाराणसी में मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष, जिला मंत्री और काशी क्षेत्र के महामंत्री सहित कई संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह चार बार प्रदेश महामंत्री और किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी भी रह चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
जौनपुर में नई जिम्मेदारी के साथ शंकर गिरी के सामने संगठन को मजबूत करने के साथ विधानसभा स्तर पर पार्टी की स्थिति को बेहतर करने की चुनौती होगी। खासतौर पर मुंगराबादशाहपुर और मल्हनी विधानसभा क्षेत्रों पर पार्टी का फोकस रहेगा।
शंकर गिरी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हारी हुई विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मल्हनी और मुंगराबादशाहपुर सीटों पर हार मिली थी। इन क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए ऐसे प्रत्याशियों के चयन पर जोर रहेगा, जिन्हें लेकर संगठन स्तर पर व्यापक सहमति हो और जो लंबे समय तक क्षेत्र में सक्रिय रह सकें। इसके लिए जल्द ही कार्यकर्ताओं के साथ संवाद और बैठक का दौर शुरू किया जाएगा। भाजपा की नई जिला प्रभारी व्यवस्था को आगामी विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!