जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने शुक्रवार को जनपद के सभी थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने इनामिया, वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को कहा। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में होने वाले अपराधों का नियमित और व्यवस्थित अभिलेखीकरण करने तथा उसके आधार पर अपराध डायरी तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अपराध डायरी के आधार पर अपराध की प्रवृत्ति, सक्रिय अपराधियों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार समीक्षा की जाए। बैठक में थाना स्तर पर अपराधों की वर्तमान स्थिति और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। प्रभावी पुलिसिंग के जरिए आमजन में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।