Trending

Jaunpur News : लापता लाइब्रेरी संचालक का पेड़ से लटका मिला शव

Naya Savera Network

ढाई माह से घर से था गायब, आत्महत्या की आशंका
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के भेला बस स्टॉप के पास कोटिला गांव स्थित बगीचे में रविवार सुबह पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ऊंचगांव निवासी संतोष गौतम (37) के रूप में हुई। वह जमौली गांव के कम्मरपुर मोड़ पर एसकेएस डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन करता था। रविवार सुबह कोचिंग पढ़ने जा रहे बच्चों ने बगीचे में बेल के पेड़ से शव लटका देखा। बच्चों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार संतोष अपने पिता अलगू गौतम के दो पुत्रों में छोटा था और अविवाहित था। वह बीते 3 जुलाई की रात से घर से लापता था। परिजन अपने स्तर से उसकी तलाश कर रहे थे लेकिन पुलिस को इसकी सूचना नहीं दी गई थी। घर से करीब 3 किलोमीटर दूर ढाई माह बाद उसका शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। सूचना पर सरपतहां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया। नवागत क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!