जौनपुर। श्री गणपति पूजा महासमिति के कंट्रोल रूम का उद्घाटन शनिवार देर रात कोतवाली चौराहा स्थित परिसर में किया गया। रात करीब 11 बजे राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव और क्षेत्राधिकारी सदर सम्यक चौधरी ने फीता काटकर कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया। कंट्रोल रूम के माध्यम से शहर में आयोजित होने वाले गणपति पूजा कार्यक्रमों, पंडालों और शोभायात्रा की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
पूजा के बाद हुआ अतिथियों का स्वागत
उद्घाटन से पहले मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विशिष्ट अतिथि सीओ सदर सम्यक चौधरी, महासमिति के मुख्य संरक्षक लोलारक दुबे और अध्यक्ष दीपक जावा ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद महासमिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
भाईचारे के साथ मनाएं सभी त्योहार
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गणेश पूजा के साथ ही जिले में त्योहारों का सिलसिला शुरू हो गया है। गणपति पूजा महासमिति की ओर से किए जा रहे आयोजन की व्यवस्था, अनुशासन और शांतिपूर्ण माहौल की उन्होंने सराहना की। उन्होंने कहा कि जौनपुर की पहचान हमेशा से आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण के लिए रही है। सभी त्योहारों को इसी भावना के साथ मिल-जुलकर मनाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों को सफल बनाने के लिए प्रशासन और पूजा समितियों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। कंट्रोल रूम से पूजा पंडालों और शोभायात्राओं की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी। उन्होंने आयोजकों से पूजा और विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की। राज्यमंत्री ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
शांतिपूर्ण विसर्जन का दिया भरोसा
क्षेत्राधिकारी सदर सम्यक चौधरी ने कहा कि शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने पूजा समितियों और श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से जारी नियमों और निर्देशों का पालन करने की अपील की। किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा।