जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से जिले में सेवा संकल्प अभियान-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन सद्भावना पुल स्थित गोपी घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत मुख्य आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 25 हजार दीपों का एक साथ प्रज्वलन और लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहा।
दीपों की रोशनी से जगमगाया घाट
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश गिरीश चन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. और मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गोपी घाट और नदी तट पर करीब 25 हजार दीप एक साथ जलाए गए। दीपों की रोशनी से पूरा घाट और नदी का किनारा आकर्षक नजर आया।
लेजर शो में दिखी विकास की झलक
कार्यक्रम के दौरान आयोजित लेजर शो ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा। लेजर शो के माध्यम से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा जौनपुर में कराए गए विकास कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई। रंग-बिरंगी रोशनी और दृश्य प्रस्तुतियों के माध्यम से योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में जिले के लोग गोपी घाट पहुंचे।
हर नागरिक की सहभागिता जरूरी
राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्षों की उपलब्धियों और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। इस दौरान उन्होंने जिले में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिले
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशू’ ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की भागीदारी को और मजबूत किया जाएगा।
पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ें
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और जिले के लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से जिले में कई तरह के कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और विकासपरक कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने से जोड़ना है।
शाही किला में भी जले दीप
सेवा संकल्प अभियान के तहत शाही किला में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां करीब पांच हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से शाही किला परिसर भी आकर्षक नजर आया। दोनों स्थानों पर आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रमों ने अभियान के पहले दिन को विशेष बना दिया।
बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे
कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह, महामंत्री पीयूष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अम्बष्ट, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।