Trending

Mumbai News : गायक मुकेश की स्मृतियों के संरक्षण के लिए समिति गठित,मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा अध्यक्ष नियुक्त

Hindi News



मुंबई। भारतीय संगीत जगत के अमर स्वर और अपनी सुरीली गायकी से लाखों संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले प्रसिद्ध गायक स्वर्गीय मुकेश की 27 अगस्त, 2026 को 50वीं पुण्यतिथि है। उनकी स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार की ओर से 'स्वर्गीय गायक मुकेश गौरव समिति' का गठन किया गया है। मुकेश ने हिंदी फिल्म जगत के साथ-साथ मराठी गीतों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, संगीत परंपरा और राष्ट्रीय एकता में अमूल्य योगदान दिया। उनके संगीत विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ नवोदित गायकों और कलाकारों को मंच तथा प्रोत्साहन देने में यह समिति महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मुंबई शहर जिले में 'स्वर्गीय गायक मुकेश गौरव समिति' का गठन किया गया है।
इस पृष्ठभूमि में समिति के अध्यक्ष पद पर महाराष्ट्र राज्य के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की नियुक्ति की गई है। साथ ही शिवसेना के गटनेता अमेय घोले और प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता नील नितिन मुकेश समिति के सदस्य हैं। मुंबई शहर के जिलाधिकारी समिति के सदस्य सचिव के रूप में कार्य करेंगे। दिवंगत गायक मुकेश ने अपनी मधुर आवाज के माध्यम से भारतीय संगीत जगत में अडिग स्थान बनाया। उनकी आवाज का जादू आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में कायम है। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि उनकी समृद्ध संगीत विरासत का संरक्षण कर उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। उनकी स्मृतियों को संजोने के साथ-साथ नवोदित गायकों एवं कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और संगीत क्षेत्र की नई प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करना इस समिति का प्रमुख उद्देश्य होगा। उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से विभिन्न सांस्कृतिक उपक्रम आयोजित कर दिवंगत गायक मुकेश की संगीत विरासत को सच्ची श्रद्धांजलि दी जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!