बरसठी। क्षेत्र के एक गांव निवासी एक महिला ने अपनी बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए दो युवकों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 87 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता महिला के मुताबिक, उसकी बहन नौ अगस्त को सुबह मीरगंज बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश की तो पता चला कि वह मानिकापुर गांव निवासी आदित्य विश्वकर्मा के साथ गई है। आरोप है कि आदित्य पहले से युवती से मोबाइल फोन पर बातचीत करता था और उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आदित्य के मित्र गोपालपुर गांव निवासी नितिन प्रजापति ने भी युवती को भगा ले जाने में सहयोग किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इस संबंध में थाना प्रभारी जय प्रकाश यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। युवती की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

