मड़ियाहूं। जौनपुर के जोगापुर गांव स्थित केराकत रजवाहे में मंगलवार सुबह पुलिया के पास तीन मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। एक साथ तीन मगरमच्छ देखे जाने की सूचना पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने एहतियातन बच्चों और मवेशियों को नहर की ओर जाने से रोक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लेखपाल और मड़ियाहूं थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वन विभाग को जानकारी दी गई। वन क्षेत्र अधिकारी विद्यासागर के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मगरमच्छों की तलाश शुरू की, लेकिन तब तक तीनों गहरे पानी में चले गए।
वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। वन क्षेत्र अधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों से मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली थी। टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन दोपहर तक मगरमच्छ दोबारा दिखाई नहीं दिए। उन्होंने बताया कि वन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
प्रशासन और वन विभाग ने ग्रामीणों से रजवाहे के आसपास जाने से बचने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
