Trending

Jaunpur News : पूर्व जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र सिंह के जन्मदिवस पर उनके प्रशासनिक एवं साहित्यिक अवदान पर हुई परिचर्चा

Naya Savera Network

जौनपुर। 01 जुलाई 2026 को जनपद जौनपुर के पूर्व जिलाधिकारी एवं साहित्यकार डॉ. दिनेश चन्द्र सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर उनके प्रशासनिक एवं साहित्यिक अवदान पर परिचर्चा टेलीग्राम के हिन्दी साहित्य चैनल पर आयोजित की गई। इस अवसर पर शोधार्थी अश्वनी कुमार के संयोजन में शोधार्थियों ने डॉ. सिंह के दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा साहित्यिक योगदानों का स्मरण करते हुए उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद में 01 जुलाई को जन्मे डॉ. दिनेश चन्द्र सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज से बी.एससी., एम.एससी. (रसायन विज्ञान), पीएच.डी. (रसायन विज्ञान) एवं एल.एल.बी. की उपाधियाँ प्राप्त कीं। वर्ष 1995 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा में पाँचवीं रैंक प्राप्त कर उन्होंने प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। उपजिलाधिकारी के पद से अपने प्रशासनिक जीवन की शुरुआत करने वाले डॉ. सिंह ने जनसेवा को सदैव अपना सर्वोच्च लक्ष्य बनाया।

अपने प्रशासनिक जीवन में उन्होंने हरिद्वार, मुरादाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, इलाहाबाद, गोरखपुर एवं अलीगढ़ जैसे महत्वपूर्ण जनपदों में उपजिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी के रूप में उल्लेखनीय सेवाएँ प्रदान कीं। वर्ष 2018 में उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नति प्राप्त हुई। इसके उपरांत उन्होंने नगर आयुक्त, गाजियाबाद, जिलाधिकारी सहारनपुर, कानपुर देहात, बहराइच एवं जौनपुर तथा विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन जैसे महत्त्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

टेलीग्राम पर आयोजित आनलाईन परिचर्चा में डाॅ. जितेन्द्र सिंह राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर, मानसी चौहान प्रतापगढ, डाॅ.वंदना गुजरात विश्वविद्यालय अहमदाबाद, सीता जायसवाल सोनभद्र, ख़ुशी सिंह आगरा, आकाश चौहान बस्ती, अभिषेक सुमन त्रिपाठी कौशांबी, आकाश गुप्त लखनऊ विश्वविद्यालय, प्रियम मिश्रा बीएचयू, सोनी वर्मा गोरखपुर विश्वविद्यालय, डाॅ.प्रतिभा सिंह अण्डमान विश्वविद्यालय पोर्ट ब्लेयर समेत विभिन्न विश्वविद्यालयों के रिसर्च स्कॉलर एवं साहित्य अध्येता जुड़े रहें। वक्ताओं ने कहा कि जौनपुर में डॉ. सिंह का कार्यकाल प्रशासनिक दक्षता, मानवीय संवेदनशीलता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने प्रशासन को केवल शासन का माध्यम नहीं, बल्कि जनविश्वास एवं लोककल्याण का प्रभावी सेतु बनाया। ज्ञात हो कि सामान्य विधानसभा निर्वाचन-2022 के उत्कृष्ट प्रबंधन हेतु उन्हें 25 जनवरी 2023 को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से सम्मानित किया गया। वहीं, मुख्यमंत्री युवा समृद्धि योजना के अंतर्गत लघु उद्योगों को प्रोत्साहन एवं सर्वाधिक युवा उद्यमियों को लाभान्वित करने के उत्कृष्ट कार्य हेतु 24 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सम्मानित होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ।

वक्ताओं ने डॉ. दिनेश चन्द्र सिंह के साहित्यिक अवदान की भी सराहना करते हुए कहा कि वे एक संवेदनशील एवं गंभीर रचनाकार हैं। उनकी प्रमुख कृतियों में 'यादें विकास पथ पर संघर्ष यात्रा', 'काल प्रेरणा', 'कर्म निर्णय' तथा 'कर्मकुम्भ' विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। उनकी रचनाओं में प्रशासनिक अनुभव, सामाजिक चेतना और मानवीय संवेदनाओं का सशक्त समन्वय दृष्टिगोचर होता है।

परिचर्चा के अंत में उपस्थित जनों ने डॉ. दिनेश चन्द्र सिंह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, यशस्वी एवं सर्जनशील जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!