जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के सीर गांव में मंगलवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजवीर यादव की पहल पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर 101 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक, स्थानीय नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि राकेश मौर्य ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है। छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिले, इसी उद्देश्य से साइकिल वितरण किया गया है। आयोजक राजवीर यादव ने कहा कि बेटियों को शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
वक्ताओं ने साइकिल वितरण को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रद्धा यादव, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, कैलाश यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
