जौनपुर। सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है, इसी संकल्प को साकार करते हुए लायन्स क्लब जौनपुर ने एक कदम सेवा की ओर, एक संकल्प आत्मनिर्भरता की ओर अभियान के अंतर्गत अभिनव प्राथमिक विद्यालय, ककोरगहना (करंजाकला) में एक जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन एवं विद्यालय को पांच सीलिंग पंखे प्रदान किए। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की महिला को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर आत्मनिर्भर बनाना तथा विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भीषण गर्मी से राहत दिलाने हेतु बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना रहा। क्लब अध्यक्ष एमजेएफ सीए राजेश राज गुप्ता ने कहा कि लायन्स क्लब जौनपुर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा के छोटे-छोटे प्रयास भी किसी के जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं और क्लब भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। विद्यालय की प्रधानाचार्य रागिनी गुप्ता ने लायन्स क्लब जौनपुर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय को प्राप्त सीलिंग पंखों से बच्चों को गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलेगी तथा पढ़ाई का वातावरण और अधिक अनुकूल बनेगा। कार्यक्रम में क्लब सचिव लायन योगेश साहू, कोषाध्यक्ष लायन रंजीत सिंह, विद्यालय परिवार के रंजना सिंह, ममता सिंह, रिंकी यादव, सारिका सिंह एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी ने लायन्स क्लब जौनपुर की इस सेवा भावना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिये प्रेरणादायी पहल बताया।
Jaunpur News : लायंस क्लब ने जरूरतमन्द महिला को सिलाई मशीन व विद्यालय को भेंट किये 5 सीलिंग पंखे
July 04, 2026

