जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रट सभागार में आईजीआरएस (जन शिकायत निवारण प्रणाली) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की निस्तारण आख्या पढ़कर सुनाई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि किसी भी स्थिति में शिकायतकर्ता से नकारात्मक फीडबैक नहीं मिलना चाहिए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम विभाग और पंचायती राज विभाग के कार्यों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आईजीआरएस प्रकरणों का गंभीरता से निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ठ सहित जनपद के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
