Trending

Jaunpur News : भीषण गर्मी में बिजली संकट गहराया, कटौती और खराबी से लोग बेहाल

Technical Team


जौनपुर। भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। रोस्टिंग और स्थानीय तकनीकी खराबियों के कारण हो रही लगातार बिजली कटौती से नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के उपभोक्ता परेशान हैं। दिन और रात की आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। नगर के अहमद खां मंडी मोहल्ले में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रांसफार्मर फुंक जाने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। विद्युत विभाग ने लगभग 10 घंटे बाद ट्राली ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की, लेकिन कुछ ही देर बाद अंडरग्राउंड केबल में खराबी आ जाने से आधे मोहल्ले की बिजली फिर गुल हो गई। इससे क्षेत्र के लोगों को पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी।
उपभोक्ताओं ने कई बार कंट्रोल रूम, नईगंज विद्युत उपकेंद्र और विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो सका। मंगलवार सुबह करीब छह बजे आधे घंटे के लिए बिजली आई और फिर आपूर्ति बाधित हो गई। लोगों का कहना है कि जिले के कई इलाकों में आए दिन ऐसी स्थिति बन रही है। चंदवक क्षेत्र सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में भी आकस्मिक कटौती से जनजीवन प्रभावित है। बिजली विभाग को प्रशासन की ओर से निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन बढ़ती मांग और तकनीकी खामियों के चलते व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पा रही है। अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि अत्यधिक लोड के कारण खराबियों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और शिकायत मिलने पर त्वरित मरम्मत कर आपूर्ति बहाल की जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में मोबाइल ट्रांसफार्मर की व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में उसे तुरंत बदला जा सके। साथ ही विभाग का कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहकर शिकायतों का निस्तारण कर रहा है। इसके बावजूद लगातार हो रही कटौती से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!