Trending

Jaunpur News : जौनपुर में मार्गों एवं सेतुओं के निर्माण के लिये हुई कार्ययोजना बैठक

टीम संचार सेतु

जौनपुर। राज्यमंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चन्द्र यादव की अध्यक्षता और सांसद राज्यसभा सीमा द्विवेदी की उपस्थिति में लोक निर्माण विभाग में मार्गों एवं सेतुओं के निर्माण हेतु कार्ययोजना तैयार किये जाने हेतु बैठक हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं को जनपद एवं विधानसभा की प्राथमिकता को दृष्टिगत रखते हुए मार्गों, सेतुओं, सड़क सुरक्षा एवं क्षतिग्रस्त मार्गों/सेतुओं के विशेष मरम्मत के कार्यों पर विधानसभावार चर्चा की गयी। जनप्रतिनिधियों के सुझाव/प्रस्ताव प्राप्त किये गये। इस दौरान मार्गों के चौड़ीकरण/सुदृढ़ीकरण योजना, मुख्यमंत्री ग्राम योजना, कृषि विपणन योजना, लघु सेतु, तहसील एवं ब्लाक मुख्यालय योजना, तहसील एवं ब्लाक मुख्यालय योजना, अन्तर्राज्यीय/अन्तर्राष्ट्रीय सीमा पर पड़ने वाले मार्गों का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण गेट निर्माण, धर्माथ योजना, रेल उपरिगामी सेतु आदि पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर राज्यमंत्री ने अधीक्षण अभिंयता को निर्देश दिया कि जनपद की सभी सड़कें बरसात के पहले गड्ढामुक्त हो जायं। इसके साथ ही जहां सड़कें खराब हों, सम्बन्धित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाय। मुख्यमंत्री द्वारा सड़कों के सन्दर्भ में जितने भी निर्देश दिये गये हैं, उसका शत प्रतिशत पालन कराना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि विद्युत विभाग के अधिकारियों की पृथक बैठक आयोजित की जाय। सोंधी से खुटहन, छुन्छा से करन्जाकला, मछलीशहर से बरईपार होते हुये तेजी बाजार मार्गों सहित अन्य मार्गों को ठीक कराने के निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र ने कहा कि जितने भी प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों द्वारा दिये गये हैं, उनको शत—प्रतिशत सम्मिलित कराते हुये आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। सभी अधिकारी एक सप्ताह में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य करेंगे। साथ ही अधीक्षण अभिंयता को निर्देशित किया कि खराब सड़कों के पर्यवेक्षण के लिए नोडल अधिकारी नामित करें। उन्होंने बताया कि वह और मुख्य विकास अधिकारी स्वयं सबसे खराब सड़कों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही सम्बन्धित अधीशासी अभियंता, जेई, एई का तब तक वेतन नहीं निकलेगा जब तक सभी सड़कें गड्ढा मुक्त नहीं हो जाती हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों के पत्रों का सम्यक उत्तर दें।
इस अवसर पर विधायक जफराबाद जगदीश नारायण राय, शाहगंज रमेश सिंह, मड़ियाहूं डा. आरके पटेल, मल्हनी लकी यादव, मुंगराबादशाहपुर पंकज पटेल, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अधीक्षण अभियंता पी0डब्ल्यू0डी0 सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!