Trending

Jaunpur : ​सहायक विकास अधिकारी से मारपीट मामले में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अरेस्ट

टीम संचार सेतु

जौनपुर। कर्मचारियों के अल्टीमेटम के बाद हरकत में आयी पुलिस ने सहायक विकास अधिकारी के साथ मारपीट करने के आरोपी ब्लाक प्रमुख के प्रतिनिधि को गिरफ्तार कर लिया। खबर मिलते ही आक्रोशित कर्मचारियों में हर्ष व्याप्त हो गया। मालूम हो कि बीते एक फरवरी को शाहगंज में सहायक विकास अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव को क्षेत्र प्रमुख शाहगंज के कथित प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह द्वारा गालियां देकर मारा-पीटा गया। इस घटना के विरोध में समस्त कर्मचारी संगठनों की आपातकालीन बैठक हुई जिसमें प्रमुख रूप से खण्ड विकास अधिकारी संगठन, ग्राम विकास अधिकारी संगठन, ग्राम्य विकास मिनिस्टिरियल एसोसिएशन, ग्राम पंचायत अधिकारी पंचायत संगठन, सहायक विकास अधिकारी पंचायत संगठन, सहायक विकास अधिकारी सहकारिता संगठन, सहायक विकास अधिकारी कृषि संगठन, उ.प्र. मनरेगा कर्मचारी महासंघ, मनरेगा एपीओ संघ, मनरेगा तकनीकी सहायक संघ, मनरेगा लेखा सहायक संघ, मनरेगा कम्प्यूटर ऑपरेटर संघ, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संगठन एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद एवं राज्य कर्मचारी महासंघ सम्मिलित रहा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 3 फरवरी की रात तक यदि तथाकथित प्रमुख प्रतिनिधि शाहगंज अजय कुमार सिह की गिरफ्तारी नहीं होती है तो मंगलवार से समस्त विभाग, समस्त विकास खण्ड एवं विकास भवन सम्पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार कर बंद करा दिया जाएगा। कर्मचारियों के अल्टीमेटम के बाद हरकत में आयी पुलिस ने सुबह 8 बजे आरोपी अजय कुमार सिंह को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।

  • कर्मचारियों ने वापस लिया कार्य बहिष्कार
विकास खंड सोंधी में एडीओ आईएसबी के साथ प्रमुखपति द्वारा की गयी मारपीट एवं दुर्व्यवहार के विरोध में मंगलवार को विकास भवन जौनपुर परिसर में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश, राज्य कर्मचारी महासंघ सहित जनपद के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के हजारों कर्मचारियों व अधिकारियों ने प्रमुख प्रतिनिधि की गिरफ्तारी के लिए कार्यालय से बाहर निकलकर सांकेतिक कार्य बहिष्कार किया। जिले के कर्मचारियों द्वारा कार्य बहिष्कार शुरू करते ही जिला प्रशासन द्वारा अवगत कराया गया कि तथाकथित आरोपी प्रमुख प्रतिनिधि अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा चालान हेतु पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश करने हेतु भेज दिया गया है। अभियुक्त के गिरफ्तारी की सूचना प्राप्त होते ही सामूहिक रूप से केंद्रीय नेतृत्व द्वारा तत्काल कार्य बहिष्कार के स्थगन की घोषणा करते हुए प्रकरण में जिला प्रशासन के सहयोग एवं त्वरित कार्यवाही हेतु आभार सहित धन्यवाद ज्ञापित किया गया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ प्रदीप सिंह ने पूरी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र में हिंसा एवं अमर्यादित आचरण के लिए कोई स्थान नहीं है। जनपद के समस्त कर्मचारियों को सुरक्षा हेतु शासन प्रशासन का संरक्षण प्राप्त है।
इस अवसर पर राजीव रोशन, सुजीत सिंह, शैलेन्द्र विक्रम सिंह, डॉ फूलचंद्र कन्नौजिया, रामकृष्ण पाल, आनंद प्रकाश त्रिपाठी, विजयभान यादव, देवेश यादव, ब्रह्मजीत सिंह, प्रदीप श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार मिश्र, दुर्गेश तिवारी, सतीश सिंह, निज़ामुद्दीन, संजय चौधरी, अमर बहादुर यादव, शिवकुमार यादव, तेज़ बहादुर राना सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्य बहिष्कार आंदोलन का संचालन प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष मिनिस्टीरियल एसोसिएशन उत्तर प्रदेश शैलेन्द्र विक्रम सिंह माझिल ने किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!