जौनपुर, 21 नवंबर। किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने और धान खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने शनिवार को बक्शा विकासखंड के बी-पैक्स चुरामनपुर धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण में केंद्र पर खरीद के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तो पूरी मिलीं, लेकिन अब तक केवल एक किसान से 10 क्विंटल धान की खरीद होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
यह धान क्रय केंद्र क्रय संस्था पीसीएफ के अधीन संचालित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खरीद व्यवस्था और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। अभिलेखों की जानकारी लेने पर पता चला कि केंद्र पर अब तक सिर्फ एक किसान ने अपनी उपज बेची है। खरीद की बेहद धीमी प्रगति को शासन की मंशा के विपरीत मानते हुए डीएम ने संबंधित केंद्र प्रभारी और पीसीएफ के जिला प्रबंधक से तत्काल स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश जिला खाद्य विपणन अधिकारी को दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि धान खरीद में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी क्रय केंद्र प्रभारी किसानों से लगातार संपर्क स्थापित करें और केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखें। उन्होंने निर्देश दिया कि केंद्र प्रभारी प्रतिदिन निर्धारित समय पर केंद्र पर उपस्थित रहें और शासन की ओर से तय मानकों एवं क्रय नीति के अनुसार खरीद में तेजी लाएं।
डीएम ने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें और किसानों को खरीद प्रक्रिया की सही जानकारी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि धान खरीद कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
अब तक 253 किसानों से हुई खरीद
जिला प्रशासन के अनुसार, 20 नवंबर 2026 तक जिले के विभिन्न धान क्रय केंद्रों पर कुल 253 किसानों से 1233.78 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं, धान बेचने के लिए अब तक 4492 किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें से 2431 किसानों का सत्यापन पूरा हो चुका है।
सरकारी केंद्रों पर धान बेचने की अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपना धान सरकारी क्रय केंद्रों पर ही बेचें। इसके लिए खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना आवश्यक है। पंजीकरण या खरीद प्रक्रिया से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी होने पर किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05452-350857 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा अपने नजदीकी धान क्रय केंद्र पर भी समस्या का समाधान प्राप्त किया जा सकता है।
