डीएम उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के दिए निर्देश
जौनपुर, 21 नवंबर। बदलापुर तहसील सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 81 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से नौ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में भूमि विवाद, जमीन की पैमाइश, अवैध कब्जे, अतिक्रमण और राजस्व सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। ग्राम सहनपुर, थाना रामपुर, तहसील मड़ियाहूं निवासी विजय सिंह ने अवैध अतिक्रमण और पक्के निर्माण के संबंध में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। इस पर डीएम ने संबंधित प्रकरण की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में केरारकोट, पोस्ट सदर, जौनपुर निवासी अजय कुमार सोनी ने जमीन पर कब्जे से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समय-सीमा में किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करें।
डीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को भूमि विवाद से जुड़े मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विवादित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए, ताकि जमीन संबंधी विवादों का समय रहते समाधान हो सके और अनावश्यक विवाद की स्थिति न बने।
इसके साथ ही उन्होंने आईजीआरएस और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण करने पर जोर दिया। न्यायालयों के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, उपजिलाधिकारी बदलापुर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
