Trending

Jaunpur News : स्वच्छ भारत मिशन के कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार

Hindi News


जौनपुर। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कर्मचारियों ने शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक दिवसीय कार्य बहिष्कार किया। कंसल्टेंट एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले कर्मचारियों ने सुबह 10:30 बजे जिला पंचायत राज अधिकारी को मांगों से संबंधित पत्र सौंपा। संगठन का आरोप है कि पंचायती राज निदेशालय की ओर से लंबे समय से मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
एसोसिएशन ने राज्य, मंडल, जिला और विकासखंड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए छह सूत्रीय मांगें रखी हैं। इनमें एनआरएलएम की गाइडलाइन के अनुसार मानदेय निर्धारित करने और प्रत्येक वर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि करने की मांग प्रमुख है। संगठन का कहना है कि पिछले 12 वर्षों से कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी नहीं हुई है। इसके अलावा पांच लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और 20 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा देने की मांग की गई है।
संगठन ने अभियान के दौरान जान गंवाने वाले 33 कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक एवं अन्य निर्धारित लाभ उपलब्ध कराने की मांग की है। महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश के दौरान मानदेय देने, आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए एचआर पॉलिसी बनाने तथा मंडल, जिला और विकासखंड स्तर पर आपसी सहमति से तबादले करने की मांग भी शामिल है।
एसोसिएशन ने मानदेय से काटे गए जीएसटी और सर्विस टैक्स की रकम कर्मचारियों के बैंक खातों में लौटाने की मांग उठाई। संगठन के मुताबिक, सेवा प्रदाता एजेंसी ने कंप्यूटर ऑपरेटरों और लेखाकारों के मानदेय से 24 प्रतिशत ईपीएफ काटा है, जबकि इसमें 12 प्रतिशत कर्मचारी और 12 प्रतिशत शासन की ओर से जमा होना चाहिए। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर एक दिसंबर 2026 से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार किया जाएगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!