Trending

Jaunpur News : जौनपुर की जनता को समर्पित, दो प्रमुख मार्गों के विकास को मंजूरी

Naya Savera Network

28.47 किलोमीटर सड़कों के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण पर खर्च होंगे 49.38 करोड़ रुपये
दोनों परियोजनाओं के लिए पहली किस्त में करीब 9.87 करोड़ रुपये स्वीकृत

जौनपुर। जनपद की जनता को बेहतर सड़क और आवागमन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। जौनपुर के दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इन दोनों परियोजनाओं के तहत कुल 28.47 किलोमीटर सड़कों का विकास कराया जाएगा, जिस पर करीब 49 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च होंगे। शासन ने दोनों कार्यों के लिए प्रथम किस्त के रूप में कुल 9 करोड़ 87 लाख 64 हजार रुपये भी स्वीकृत किए हैं।

राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने इसे जौनपुर की जनता को समर्पित विकास कार्य बताते हुए कहा कि जनपद में सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और लोगों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलें और विकास कार्यों का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे।

उन्होंने बताया कि पहली परियोजना के अंतर्गत सलोनी-महमापुर-कोठवार-जंगीपुर-इटौरी-संदहा मार्ग का 15 किलोमीटर लंबा हिस्सा चौड़ा एवं सुदृढ़ किया जाएगा। इस कार्य की कुल स्वीकृत लागत 24 करोड़ 66 लाख 51 हजार रुपये है। इसके लिए प्रथम किस्त में 4 करोड़ 93 लाख 30 हजार रुपये जारी किए गए हैं। परियोजना में पांच वर्ष के अनुरक्षण का प्रावधान भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि दूसरी परियोजना के अंतर्गत लुंबुनी-दुद्धी राज्य मार्ग (135ए) के किलोमीटर-225 से लपरी-अतरौरा-खजुरा-बैरयाकाजी-मीरापुर होते हुए मुबारकपुर मार्ग के 13.470 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इस कार्य की कुल लागत 24 करोड़ 71 लाख 73 हजार रुपये निर्धारित की गई है। इसके लिए पहली किस्त के रूप में 4 करोड़ 94 लाख 34 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस मार्ग के निर्माण के साथ पांच वर्ष का अनुरक्षण भी शामिल है।

राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि दोनों सड़क परियोजनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम राहगीरों को बड़ी राहत मिलेगी। बेहतर सड़कें आवागमन को सुगम बनाने के साथ क्षेत्रीय विकास और आर्थिक गतिविधियों को भी गति देंगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा और परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शासनादेश के अनुसार दोनों परियोजनाओं को 12 माह के भीतर पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जौनपुर की जनता को समर्पित इन विकास कार्यों से जनपद के सड़क नेटवर्क को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!