Trending

Jaunpur News : चमकते दांतों की चाहत में सेहत से न करें खिलवाड़, गुल एवं खुरदरे मंजन से रहें आगाह

Hindi News


सिद्दीकपुर, जौनपुर। सुबह उठते ही दाँतों पर गुल, राख, कोयला, नमक या तरह-तरह के मंजन को जोर-जोर से रगड़ना आज भी बहुत से लोगों की रोजमर्रा की आदत है। खासकर ग्रामीण इलाकों में पीढ़ियों से चली आ रही इस रवायत को लोग दाँत साफ करने का आसान और सस्ता तरीका समझते हैं। मगर जिस आदत को लोग दाँतों की सफाई का जरिया मान रहे हैं, वही धीरे-धीरे उनके दाँतों और मसूड़ों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। इसको लेकर दंत चिकित्सा विशेषज्ञों ने लोगों को आगाह किया है।
उमानाथ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय जौनपुर के दंत रोग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर एवं मुख रोग तथा सूक्ष्म जीव विज्ञान विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) अवधेश गुप्ता तथा दंत चिकित्सा विभाग में मुख एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विशेषज्ञ एवं सीनियर रेजिडेंट डॉ. अनवर सलामत ने दाँतों की उचित देखभाल और तंबाकूयुक्त उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहने की जरूरत बताई।
प्रो. (डॉ.) अवधेश गुप्ता के मुताबिक अत्यधिक घर्षण करने वाले पाउडर और गलत तरीके से दाँत साफ करने से दाँतों की बाहरी सुरक्षात्मक परत इनेमल को नुकसान पहुँच सकता है। एक बार इनेमल घिस जाने पर शरीर उसे प्राकृतिक रूप से पहले जैसा नहीं बना पाता। इससे दाँत पीले पड़ने, संवेदनशीलता बढ़ने और दाँत कमजोर होने जैसी परेशानियां पैदा हो सकती हैं।
दंत चिकित्सा विभाग में मुख एवं मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विशेषज्ञ एवं सीनियर रेजिडेंट डॉ. अनवर सलामत के मुताबिक किसी उत्पाद पर हर्बल या प्राकृतिक लिखा होना उसकी पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है। पाउडर की घर्षण क्षमता और इस्तेमाल करने का तरीका भी महत्वपूर्ण है। अत्यधिक रगड़कर दाँत साफ करने से नुकसान पहुँच सकता है, इसलिए केवल उत्पाद के प्रचार या दावों पर भरोसा करने के बजाय सही तरीके से दाँतों की सफाई करनी चाहिए। डॉ. सलामत ने अभिभावकों से भी अपील किया कि वे बच्चों को बचपन से ही दाँतों की सफाई का सही तरीका सिखाएं। घर के बड़े यदि गुल और खुरदरे मंजन का इस्तेमाल करेंगे तो बच्चे भी उसी आदत को अपनाएंगे। लिहाजा पुरानी आदतों में बदलाव लाना जरूरी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!