खेतासराय, जौनपुर। सथानीय क्षेत्र में स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 30 नवंबर तक चलने वाली प्रक्रिया को लोग घर बैठे आधिकारिक पोर्टल पर अपने परिवार से जुड़ी जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। ग्रामीणों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने और प्रक्रिया को गति देने के लिए मंगलवार को खंड विकास अधिकारी गजेंद्र प्रताप सिंह ने पंचायत सचिवों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
बैठक में बीडीओ ने जनगणना से जुड़े कार्यों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने सचिवों को स्व-गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण कर परिवार के सदस्यों से संबंधित करीब 40 सवालों के जवाब भरने होंगे। प्रक्रिया पूरी कर जानकारी सबमिट करने के बाद एक यूनिक स्व-गणना आईडी जारी होगी जिसे संबंधित व्यक्ति को सुरक्षित रखना होगा।
उन्होंने बताया कि बाद में जब प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे तो उन्हें अपनी स्व-गणना आईडी उपलब्ध करानी होगी। इसके लिए सभी ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर लोगों को ऑनलाइन स्व-गणना के लिए प्रेरित करने तथा इसकी प्रक्रिया समझाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में स्व-गणना के साथ ही विकास खंड में संचालित अन्य विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बीडीओ ने संबंधित सचिवों को योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इस अवसर पर प्रभारी एडीओ पंचायत संजय यादव, सचिव शिवमूर्ति यादव, विनोद यादव, राकेश सिंह, अजय यादव, हरिश्चंद्र यादव, दीपक सिंह, नरेंद्र कुमार, संतोष राजभर, मो. शाहिद समेत सभी पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
