Trending

Jaunpur News : ग्रामीण पत्रकारिता के सशक्त हस्ताक्षर थे पं. चंद्रेश मिश्र : प्रो. राममोहन पाठक

Naya Savera Network

अमर्त्य पत्रकार पं. चंद्रेश मिश्र की पांचवीं पुण्यतिथि पर विमर्श गोष्ठी आयोजित 
जौनपुर , 16 अक्टूबर (एजेंसियां)। ग्रामीण पत्रकारिता के सशक्त हस्ताक्षर अमर्त्य पत्रकार पंडित चंद्रेश मिश्र की पांचवीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को कुटीर संस्थान, चक्के, जलालपुर में विमर्श गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि समागम का आयोजन श्रद्धा और सम्मान के साथ किया गया। दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंडित चंद्रेश मिश्र के व्यक्तित्व, कृतित्व और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पं. प्रकाश चंद्र पांडेय विद्यार्थी ने भरत के संस्कारों का उल्लेख करते हुए कहा कि कथा हमें अपने बच्चों को शिक्षित, धर्मपरायण और संस्कारवान बनाने की प्रेरणा देती है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के जनसंचार विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज मिश्र ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से पं. चंद्रेश मिश्र को श्रद्धांजलि दी। द्वितीय सत्र में ‘पत्रकारिता एवं पं. चंद्रेश मिश्र के मानक संदर्भ में सूचना क्रांति के युग में ग्रामीण युवाओं के समक्ष संभावनाएं एवं चुनौतियां’ विषय पर विमर्श गोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य अतिथि दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, चेन्नई के पूर्व कुलपति प्रो. राममोहन पाठक ने कहा कि पं. चंद्रेश मिश्र ग्रामीण पत्रकारिता के पुरोधा और जनसरोकारों के सशक्त प्रतिनिधि थे। उनकी लेखनी राजनीतिक आंदोलनों से लेकर क्षेत्रीय समस्याओं तक पर त्वरित और प्रभावशाली टिप्पणी करती थी, जिसका शासन-प्रशासन पर भी असर पड़ता था। उनका जीवन पत्रकारिता जगत के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने पंडित जी के जीवन और स्मृतियों पर पुस्तक प्रकाशित करने का सुझाव भी दिया। विशिष्ट अतिथि पत्रकार शशिधर पाठक ने संस्थापक पं. अभयजीत दुबे और पं. चंद्रेश मिश्र के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रामीण अंचल में शिक्षा की ज्योति प्रज्वलित की। सभाजीत त्रिवेदी ‘प्रखर’ ने कविता के माध्यम से श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पत्रकार अजय कुमार शुक्ल, पूर्व विधायक दिनेश चौधरी, अरुण कुमार सिंह ‘पप्पू’, राजीव कुमार सिंह, राजीव सिंह, प्रो. सुरेश पाठक और नवनीत मिश्र सहित अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता रामकृष्ण त्रिपाठी ने की। आभार ज्ञापन प्रो. राघवेंद्र कुमार पांडेय ने किया। डॉ. अजेंद्र कुमार दुबे एवं आलोक मिश्र ने अतिथियों का सम्मान किया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान क्षेत्र के पत्रकार, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!