जौनपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को सकुशल, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने रविवार को टीडी इंटर कॉलेज और जनक कुमारी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा कक्षों में पहुंचकर तैयारियों को परखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शासन और आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
डीएम ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता और परीक्षार्थियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
