Trending

Jaunpur News : चोरी के मामले में गौराबादशाहपुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Naya Savera Network
पीली धातु के टप्स बरामद

जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी टप्स बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सोनारी गांव निवासी कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिंटू पुत्र राजेंद्र प्रसाद मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ जौनपुर और आजमगढ़ जनपद के विभिन्न थानों में पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के मुताबिक, गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के बालेमऊ गांव निवासी अंजू पुत्री शारदा प्रजापति ने 26 अक्टूबर 2026 को थाने में तहरीर दी थी। उनकी शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 297/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। इस मामले में वाहन के अज्ञात चालक को आरोपित किया गया था।

मामले की जांच और सुरागरसी के बाद पुलिस टीम ने 27 अक्टूबर को कृष्ण मुरारी मिश्रा उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पीली धातु की एक जोड़ी टप्स बरामद हुई। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही है।

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ आजमगढ़ जनपद के मेहनगर थाने में धोखाधड़ी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा निजामाबाद थाने में धोखाधड़ी और चोरी की संपत्ति से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें एक मुकदमा आर्म्स एक्ट और जानलेवा हमले से संबंधित धाराओं में भी दर्ज है। वहीं, तहबरपुर थाने में भी धोखाधड़ी का एक मुकदमा दर्ज है। गौराबादशाहपुर थाने में दर्ज मौजूदा मामले में भी चोरी और चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं।

इस कार्रवाई में गौराबादशाहपुर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल, उपनिरीक्षक मुन्नालाल शर्मा, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी वीरेंद्र यादव, आरक्षी मनोज कुमार और विकास गौड़ शामिल रहे। पुलिस आरोपी को थाने लाकर उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!