जौनपुर। भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा, जौनपुर के तत्वावधान में साहू धर्मशाला सभागार में भारत यात्रा के आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, सेवा, संस्कार और समाज के स्वाभिमान को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। साथ ही भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता का साहू समाज की ओर से भव्य स्वागत और सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष एवं भारत यात्रा के संयोजक मुख्य अतिथि एसपी गुप्ता, विशिष्ट अतिथि प्रीति गुप्ता, कार्यक्रम अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्त, जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता, प्रदेश युवा कार्यवाहक अध्यक्ष संजीव साहू, जिला कोषाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, जिला युवा अध्यक्ष योगेश साहू, कार्यक्रम संयोजक नन्हकऊ गुप्ता, साहू कल्याण समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, साहू धर्मशाला के अध्यक्ष सतीश चन्द्र गुप्ता, स्वतंत्र साहू, राष्ट्रीय युवा सहसचिव चंदन साहू और अर्पित साहू ने महात्मा गांधी के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सभागार में मौजूद लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर प्रीति गुप्ता का समाज की महिलाओं और अन्य सदस्यों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। उन्हें सम्मानित कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं। समाज के लोगों ने कहा कि प्रीति गुप्ता को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से समाज में भी खुशी का माहौल है।
मुख्य अतिथि एसपी गुप्ता ने कहा कि भारत यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और स्वाभिमान की भावना को प्रोत्साहित करना है। समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर संगठन को मजबूत करना और सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना इस यात्रा का प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही अपनी समस्याओं का समाधान करने और नई पीढ़ी को बेहतर दिशा देने में सक्षम होता है।
विशिष्ट अतिथि प्रीति गुप्ता ने सम्मान के लिए समाज के सभी लोगों और मातृशक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सहयोग से ही सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकता है। नई पीढ़ी को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संगठन की मजबूती को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए आपसी सहयोग, समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और नई पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
इस दौरान धर्मचंद गुप्ता प्रवक्ता, कार्यक्रम संयोजक नन्हकऊ गुप्ता, फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गुप्ता, पवन कुमार गुप्ता, दुर्गा प्रसाद साहू, पत्रकार यशवंत गुप्ता, रामजी गुप्ता, संरक्षक घनश्याम साहू, अरविंद बैंकर और संतोष साहू बच्चा सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे।
समारोह में भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा जौनपुर के विभिन्न पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में मातृशक्तियां उपस्थित रहीं। सभी ने समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

