जौनपुर। मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने सोमवार को मुफ्तीगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत परौवा का निरीक्षण कर विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की हकीकत परखी। इस दौरान कई कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और साफ-सफाई की खराब स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का काम धीमा मिलने पर सीडीओ ने अधिशासी अभियंता को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही देरी के संबंध में संबंधित के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा।
इसके बाद उन्होंने कंपोजिट विद्यालय परौवा का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर में गंदगी और शौचालय की खराब स्थिति मिलने पर संबंधित सफाईकर्मी को निलंबित करने तथा ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल का निर्माण एक सप्ताह में पूरा कराने को भी कहा।
सीडीओ ने ग्राम पंचायत में बने अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। परिसर में उगी घास की सफाई कराकर सरोवर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल में उन्होंने छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को शौचालय, पेंशन, आवास, आयुष्मान भारत और राशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार, अधिशासी अभियंता जल निगम, खंड विकास अधिकारी मुफ्तीगंज, ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।
