जौनपुर। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर रविवार को जिले की तहसीलों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। शासन के निर्देश पर जिले के प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, दीपदान और महर्षि वाल्मीकि रामायण पाठ का आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने रामायण पाठ और भक्ति प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने भी मंदिर पहुंचकर सहभागिता की। इसके अलावा संबंधित उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिले में शीतला चौकिया परिसर स्थित हनुमान मंदिर, छोटी काशी, शकरमंडी चुंगी के पास हनुमान मंदिर, रामजानकी मंदिर अहियापुर, मैहर देवी स्थित राम मंदिर एवं हनुमान मंदिर, मड़ियाहूं कस्बे के रामजानकी मंदिर सहित तिलौरा, मुबारकपुर, सरोखनपुर और ठाकुर द्वारा में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन कार्यक्रमों में राहुल पाठक, विजय बहादुर यादव, अजय यादव, आशुतोष यादव, अभिषेक निषाद (मयंक), जगदीश यादव, अशोक कुमार यादव, राम अभिलाख, चंदन निषाद एंड पार्टी और योगेंद्र नाथ चौबे सहित नामित कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, विकासखंडों और ग्राम पंचायतों के सहयोग से मंदिर परिसरों में साफ-सफाई कराई गई और आयोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। कार्यक्रमों के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों, भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों, सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश दिया गया।
