बरसठी | क्षेत्र के खोइरी गांव से खुआवा होते हुए लालपुर तक जाने वाले करीब ढाई किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग की बदहाली को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। दो दर्जन से अधिक ग्रामीण सड़क पर एकत्रित हुए और मरम्मत व पुनर्निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि उक्त सड़क ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधीन करीब 25 वर्ष पूर्व बनी थी। पूर्व में भी कई बार सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने आवाज उठाई थी। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने खोइरी गांव में करीब आधा किलोमीटर सड़क को अपने अधीन लेकर उसकी मरम्मत करा दी, लेकिन शेष सड़क को उसी हालत में छोड़ दिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, शेष हिस्से की करीब दो दशक से मरम्मत नहीं हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे और बड़े-बड़े गड्ढे हैं। गिट्टियां उखड़ने से आवागमन मुश्किल हो गया है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर कीचड़ फैल जाता है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। इससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी होती है। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को भी आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। हाल में ऑनलाइन जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने जिला प्रशासन से सड़क की स्थिति का संज्ञान लेकर शेष हिस्से को जल्द पीडब्ल्यूडी के अधीन लेकर पुनर्निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की समस्या की अनदेखी जारी रही तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में गांव के रामचंद्र सिंह, राहुल सिंह, शिक्षक योगेश तिवारी, प्रबंधक घनश्याम मौर्य, शशांकित शुक्ला, राजेंद्र शुक्ला, परीक्षित शुक्ला, सुनील शुक्ला, बृजेश पांडेय, भास्कर मौर्य, छोटेलाल मौर्य, पलटूराम पाल, अजित सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।