खुटहन (जौनपुर) 14 सितंबर मलूकपुर गांव में सोमवार को तालाब में भैंस को नहलाने गए 65 वर्षीय दयाशंकर सिंह की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना से स्वजन में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
दयाशंकर सिंह सोमवार को अपने पुत्र टुन्ना सिंह के साथ गांव के तालाब में भैंस नहलाने गए थे। बताया गया कि भैंस नहलाते समय गहरे पानी में चली गई। उसे बाहर निकालने के लिए दयाशंकर पानी में उतर गए। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह अपना संतुलन खो बैठे और डूबने लगे।
पिता को डूबता देख टुन्ना ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दयाशंकर पानी में लापता हो चुके थे। ग्रामीणों ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद गोताखोरों ने उनका शव पानी से बाहर निकाला। वृद्ध की मौत से गांव में शोक का माहौल है।