जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के फार्मेसी संस्थान में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध एजुकेशन लोन की सुविधाओं एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा जौनपुर के सौजन्य से एजुकेशन लोन जागरूकता कार्यशाला का आयोजन सोमवार को किया गया।
कार्यशाला में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा जौनपुर के प्रशांत ओझा एवं उनकी टीम ने विद्यार्थियों को एजुकेशन लोन से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को एजुकेशन लोन के लिए आवेदन की प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया तथा शिक्षा के दौरान मिलने वाली वित्तीय सहायता के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया।
बैंक प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को लोन से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं और आवेदन प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक संसाधनों की कमी विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा न बने, इसके लिए बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से विभिन्न वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने एजुकेशन लोन से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका बैंक प्रतिनिधियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। इस संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया तथा ऋण सुविधा से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध वित्तीय विकल्पों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपनी आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक संसाधनों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर फार्मेसी संस्थान के विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र सिंह, प्रो. नरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. सुरेंद्र कुमार सिंह, डॉ. शक्ति जायसवाल, श्री मिथिलेश चौरसिया सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
संस्थान की ओर से प्रशांत ओझा एवं उनकी टीम तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा जौनपुर के प्रति विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं के संबंध में उपयोगी जानकारी प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया गया।