स्थानीय तहसील बार एसोसिएशन मड़ियाहूं की प्रबंध कार्यकारिणी के चुनाव को लेकर बुधवार को नामांकन प्रक्रिया में तेजी रही। अध्यक्ष पद समेत विभिन्न पदों के लिए कुल आठ नामांकन पत्र दाखिल किए गए। अध्यक्ष पद के लिए सूर्यमणि यादव एडवोकेट, कंसराज यादव एडवोकेट और कृष्ण कुमार सिंह एडवोकेट ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मैदान में ताल ठोंकी।
महामंत्री पद के लिए देवेंद्र कुमार त्रिपाठी और विजय बहादुर यादव ने अपना पर्चा दाखिल किया। संयुक्त मंत्री पद के लिए बृजेश यादव तथा सदस्य कार्यकारिणी पद के लिए आशीष कुमार और रविंद्र कुमार यादव ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान अधिवक्ताओं में चुनाव को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
निर्वाचन अधिकारी राम लखन पटेल एडवोकेट ने बताया कि बुधवार को अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों के लिए कुल आठ नामांकन दाखिल हुए। इसके अलावा अध्यक्ष सहित तीन नए नामांकन पत्रों की बिक्री भी हुई है। चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जा रही है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट होगी और चुनाव प्रचार तेज होने की संभावना है। बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर तीन प्रत्याशियों के मैदान में आने से मुकाबला रोचक होने के आसार हैं।
