Trending

Jaunpur News : सस्ता सोना बेचने का झांसा देकर लूटने वाला गिरोह पकड़ा

Naya Savera Network

जौनपुर। जलालपुर पुलिस ने सस्ता सोना बेचने का झांसा देकर लोगों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के तीन लाख रुपये और वारदात में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि शकरमंडी निवासी आकाश सेठ पुत्र भरत लाल ने जलालपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि कुछ लोगों ने मारपीट कर उनसे तीन लाख रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर अजय सिंह उर्फ पिंटू समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों को कस्टम से चुराया गया सोना सस्ते दाम पर बेचने का लालच देते थे। खरीदने के लिए पैसे लेकर पहुंचने पर पुलिस का भय दिखाकर रकम लूट लेते और पीड़ित को वहां से भगा देते थे।

गिरोह के मुख्य सदस्य अजय सिंह उर्फ पिंटू निवासी इजरी के खिलाफ 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह पहले भी जेल जा चुका है। आरोपियों ने करीब एक माह पहले लूट की रकम से फॉर्च्यूनर खरीदी थी। अजय के खिलाफ जौनपुर के साथ वाराणसी में भी मुकदमे दर्ज हैं।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!